खेल

उत्तराखंड प्रीमियर लीग : पिथौरागढ़ हरिकेन्स ने यूएसएन इंडियंस को 4 विकेट से हराया, मयंक मिश्रा ने खेली कप्तानी पारी

देहरादून। पिथौरागढ़ हरिकेन्स ने शुक्रवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 के रोमांचक मुकाबले में यूएसएन इंडियंस को 4 विकेट से हरा दिया। पिथौरागढ़ की टीम ने 138 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.4 ओवर में 6 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली।

पिथौरागढ़ हरिकेन्स के कप्तान मयंक मिश्रा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उनके गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए इस फैसले को सही साबित किया। कृष्णा गर्ग की बेहतरीन गेंदबाजी के सामने यूएसएन इंडियंस की शुरुआत काफी खराब रही और टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए।

यूएसएन इंडियंस की ओर से सचिन भाटी ने 22 गेंदों में 28 रन और कप्तान सुचित जे ने 22 गेंदों में 28 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, जबकि निचले क्रम में विशाल डंगवाल ने महज 22 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 32 रनों की आक्रामक पारी खेली। हालांकि, कृष्णा गर्ग ने 23 रन देकर 3 विकेट, किशनवीर ने 16 रन देकर 2 विकेट, सत्यम बालियान ने 24 रन देकर 2 विकेट और कप्तान मयंक मिश्रा ने 41 रन देकर 2 विकेट झटके, जिसकी वजह से यूएसएन इंडियंस की पूरी टीम 18.4 ओवर में 137 रनों पर ऑलआउट हो गई।

138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिथौरागढ़ हरिकेन्स की शुरुआत भी काफी झटकों भरी रही। यूएसएन इंडियंस के गेंदबाजों ने दबाव बनाते हुए ऊपरी क्रम को ध्वस्त कर दिया, जिससे 14.4 ओवर में पिथौरागढ़ का स्कोर 6 विकेट पर 80 रन हो गया था और टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। आंजनेय सूर्यवंशी ने 24 गेंदों में 31 रन बनाए, लेकिन मध्यक्रम बिखर गया।

इसके बाद कप्तान मयंक मिश्रा ने यश शुक्ला के साथ मिलकर नाबाद साझेदारी की और टीम को जीत दिला दी। मयंक मिश्रा ने कप्तानी पारी खेलते हुए महज 16 गेंदों में 1 चौके और 4 छक्कों की मदद से 33 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 206.25 का रहा। वहीं यश शुक्ला ने उनका बखूबी साथ निभाते हुए 18 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से नाबाद 29 रन बनाए। दोनों ने मिलकर 2 गेंद शेष रहते 19.4 ओवर में टीम का स्कोर 6 विकेट पर 141 रन पहुंचाकर पिथौरागढ़ हरिकेन्स को शानदार जीत दिला दी। यूएसएन इंडियंस की ओर से हर्ष राणा और रोहित सिंह डंगवाल ने 2-2 विकेट हासिल किए।

——————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *