दून स्ट्राइकर्स और किंग राइडर की जीत से विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज
दून स्ट्राइकर्स ने सात विकेट और किंग राइडर ने आठ विकेट से हासिल की जीत
देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का बुधवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए दो लीग मुकाबलों में दून स्ट्राइकर्स और दून किंग राइडर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीतकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।
पहला मुकाबला दून स्ट्राइकर्स और दून ब्लास्टर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर दून स्ट्राइकर्स ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दून ब्लास्टर्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। हालांकि, हिमांशु बरमोला ने 29 और अंबुज शर्मा ने 25 रन बनाकर पारी को संभालने का प्रयास किया। इसके बावजूद टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 133 रन ही बना सकी। दून स्ट्राइकर्स की ओर से सोबन गुसाईं और अजय राणा ने दो-दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून स्ट्राइकर्स ने आक्रामक शुरुआत की। अमित शर्मा ने 40 रन और कप्तान योगेश शैली ने 20 रन का योगदान दिया। मध्यक्रम में कुछ विकेट गिरने से मुकाबला रोमांचक हुआ, लेकिन टीम ने 18.1 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दून ब्लास्टर्स की ओर से हिमांशु बरमोला ने तीन विकेट लिए। हरफनमौला प्रदर्शन करने वाले सोबन गुसाईं को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मुकाबला दून सुपर किंग्स और दून किंग राइडर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दून सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहली ही गेंद पर विकेट गंवा दिया और इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे। नतीजतन पूरी टीम 11.5 ओवर में महज 57 रन पर सिमट गई। मनवर रावत ने 24 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया। दून किंग राइडर की ओर से कप्तान सुनील कुमार ने तीन विकेट लिए, जबकि साकेत पंत और योगेश सेमवाल ने दो-दो विकेट हासिल किए।
जवाब में दून किंग राइडर ने तेज बल्लेबाजी करते हुए महज 5.1 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मनमोहन शर्मा ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। दून सुपर किंग्स की ओर से कप्तान सुरेंद्र डसीला और मनवर रावत को एक-एक विकेट मिला। शानदार गेंदबाजी के लिए सुनील कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी विशिष्ट अतिथि समाजसेवी देव रतूड़ी, सीआईएमएस के चेयरमैन ललित जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन प्रतियोगिता को खेल भावना, आपसी सौहार्द और पत्रकारों के बीच बेहतर संवाद का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि यहां एक ऐसे आयोजन के लिए एकत्रित हुए हैं, जो केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हमारे साथी और वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय विकास धूलिया जी की स्मृतियों को जीवंत रखने का एक प्रयास है। विकास धूलिया जी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनकी स्मृतियां और उनके साथ बिताए पल हम सभी के लिए हमेशा अविस्मरणीय रहेंगे। इस टूर्नामेंट के माध्यम से हम उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
पत्रकारिता का जीवन काफी व्यस्तता और चुनौतियों से भरा होता है। दिनभर खबरों की भागदौड़, जिम्मेदारियों और दबाव के बीच कई बार हम अपने स्वास्थ्य और आपसी मेलजोल के लिए समय नहीं निकाल पाते। ऐसे में खेलकूद हमें एक-दूसरे के करीब लाने, तनाव कम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का अवसर प्रदान करता है।
हमारा उद्देश्य इस प्रतियोगिता के माध्यम से पत्रकार साथियों में खेल भावना, आपसी भाईचारा, अनुशासन और एकजुटता को मजबूत करना है। मैं सभी टीमों और खिलाड़ियों से आग्रह करता हूं कि वे पूरे उत्साह के साथ खेलें। जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान पर खेल भावना और आपसी सम्मान सबसे महत्वपूर्ण है।
उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिन्होंने अपना बहुमूल्य समय निकालकर हमारा उत्साह बढ़ाया। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में जुटे खेल संयोजक, प्रेस क्लब की कार्यकारिणी और सभी सहयोगियों का धन्यवाद करता हूं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय विकास धूलिया की पत्नी रोशनी धूलिया, सीआईएमएस कॉलेज के चेयरमैन ललित जोशी, समाजसेवी देव रतूड़ी, और कांग्रेस के युवा नेता वैभव वालिया के साथ ही प्रेस क्लब के खेल संयोजक व कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, वीरेन्द्र डंगवाल ‘पार्थ’, मनोज सिंह जयाड़ा, हरीश थपलियाल, मनबर सिंह रावत, ओमप्रकाश जोशी, हिमांशु जोशी, भूपेन्द्र सिंह कण्डारी, सुरेन्द्र सिंह डसीला आदि मौजूद रहे।
————————

