नींद की गाेलियांं खिलाने से पति की मौत, महिला व उसका प्रेमी गिरफ्तार
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में पति को नींद की गोली खिलाकर हत्या के आरोप में एक महिला को पुलिस ने उसके प्रेमी के संग गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक रात को प्रेमी संग रंगरेली मनाने के लिए महिला ने पति को नींद की गोलियां खिलाई। ज्यादा गोलियों से पति की मौत हो गई। महिला और उसके प्रेमी जिम ट्रेनर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक 28 मई को अस्पताल से सूचना मिली थी कि पंकज भट्ट निवासी राज राजेश्वरी एनक्लेव नथुआवाला की संदिग्ध हालातों में मृत्यु हो गई है। प्रकरण के संबंध में 29 मई को मृतक की मां पुष्पा भट्ट की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक मृतक की मां पुष्पा भट्ट ने बताया गया कि उसका बड़ा बेटा पंकज की शादी वर्ष 2006 में विजयलक्ष्मी से हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही विजयलक्ष्मी एवं पंकज में आपसी झगड़े होते रहते थे। मृतक की मां ने बताया कि पंकज की पत्नी विजयलक्ष्मी उर्फ विजया का किसी दीपक नाम के लड़के के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पंकज भट्ट ने अपनी पत्नी के पास दो मोबाइल भी पकड़े थे। इनमें उस लड़के के साथ इसकी कई फोटो थी। आरोप लगाया कि विजयलक्ष्मी ने ही अपने प्रेमी दीपक के साथ मिलकर पंकज को कुछ खिलाया है।
पुलिस के मुताबिक विजयलक्ष्मी से उनके घर पर जाकर पूछताछ की गई तो प्रथम पूछताछ में उसने आरोपों से इनकार किया। बताया कि घटना के दिन रात को अचानक 1:00 बजे पति को देखा तो वह बेहोश पड़े हुए थे। इसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मृत्यु हो गई थी। पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी के बयानों में विरोधाभास नजर आया। इस पर मृतक की पत्नी एवं उसके प्रेमी की कॉल डिटेल रिकॉर्ड मंगवाई गई। फिर दीपक पुत्र राम चंद्र निवासी आमवाला तरला नियर शांति विहार चौक थाना रायपुर को पूछताछ के लिए थाने पर लाया गया। सख्ती से पूछताछ में उसने सब उगल दिया।
दीपक ने पूछताछ में बताया कि उसका एवं विजयलक्ष्मी का वर्ष 2018 से मिलना जुलना है। वह जिम ट्रेनर है। 2018 में ही उसकी मुलाकात विजय लक्ष्मी से बॉडी टेंपल जिम में हुई थी। तभी से दोनों की दोस्ती हो गई थी। कुछ दिनों पहले ही विजयलक्ष्मी ने दीपक को बताया कि उसके पति को उनके अफेयर के बारे में पता चल गया है। विजयलक्ष्मी दीपक से बार बार मिलना चाहती थी। विजयलक्ष्मी ने दीपक को कहा कि मैं तुम्हारे बिना नहीं रह सकती हूं। तुम मेरे घर आ जाया करो। 26 मई को दीपक का जन्मदिन था। विजयलक्ष्मी ने दीपक से नींद की गोली मंगवाई। दीपक ने अपने दोस्त के माध्यम से नींद की गोली लेकर विजयलक्ष्मी को दी। उसने बताया कि 26 मई को वह दोस्तों के साथ अपने जन्मदिन में बिजी होने के कारण विजयलक्ष्मी के घर नहीं जा पाया। 27 मई को रात्रि में विजयलक्ष्मी ने योजनानुसार दीपक से बात कर अपने पति को अत्यधिक नींद की गोली खिला दी। उसके बाद दीपक उसके घर आया। दोनों एक घंटे साथ रहे एवं उसके बाद दीपक वापस अपने घर चला गया। रात्रि में विजय लक्ष्मी के पति पंकज भट्ट की अत्यधिक नींद की गोली खिलाने के कारण मृत्यु हो गई। जिस बात को विजया ने अपने घर वालो से छुपाई थी।
पुलिस के मुताबिक विजयलक्ष्मी एवं दीपक की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खगाली गई तो घटना के रात में एक दूसरे को की गई 26 कॉल की डिटेल मिली। काल डिटेल के अनुसार भी दीपक रात्रि 11:00 बजे से 12:30 बजे तक बजे तक विजयलक्ष्मी के घर पर मौजूद रहा। विजयलक्ष्मी उर्फ विजया (35 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय पंकज भट्ट निवासी राजराजेश्वरी एनक्लेव नथुआवाला थाना रायपुर उम्र करीब से थाना रायपुर पर गहनता से पूछताछ की गई। इस पर वह बोली-साहब मुझसे गलती हो गई है। मैने अपने पति को अधिक नींद की गोलियां दी थी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। जिस दिन मैंने नींद की गोली दी थी उस दिन दीपक मेरा प्रेमी मेरे घर पर आया था। दीपक के घर से चले जाने के बाद ही मैने अपनी सास को उठाया कि पंकज बेहोश पड़ा है। उसने बताया कि वह पंकज से छुटकारा पाना चाहती थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
————————————————————————————–