खेल

बडोला की फिरकी पर नाचे दून ब्लास्टर्स, रोमांचक मुकाबले में दो रन से जीती किंग राइडर

विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में खेले गए दो मुकाबले
दून सुपर किंग्स के संदीप बडोला ने झटके सात विकेट, विकास गुसाईं ने जड़ा अर्धशतक

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज ग्राउंड में दो लीग मुकाबले खेले गए। पहले मैच में दून किंग राइडर ने रोमांचक मुकाबले में दून सुपर टाइटंस को दो रन से हराया, जबकि दूसरे मैच में दून सुपर किंग्स ने दून ब्लास्टर्स को सात विकेट से शिकस्त दी।

शुक्रवार को पहले मुकाबले में दून सुपर टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। दून किंग राइडर ने निर्धारित 20 ओवर से पहले 18.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 130 रन बनाए। टीम की ओर से अनिल डोगरा ने 10 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 25 रन बनाए, जबकि सकेत पंत ने 24 और मनीष व्यास ने 20 रन का योगदान दिया। जवाब में दून सुपर टाइटंस की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 128 रन ही बना सकी। विकास गुसाईं ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों में पांच चौके और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन बनाए। हालांकि, टीम जीत से दो रन दूर रह गई। दून किंग राइडर के प्रवीण नेगी ने 20 रन देकर चार विकेट झटके।

दूसरे मुकाबले में दून सुपर किंग्स ने पहले गेंदबाजी करते हुए दून ब्लास्टर्स को 12.4 ओवर में 61 रन पर समेट दिया। संदीप बडोला ने घातक गेंदबाजी करते हुए महज 11 रन देकर सात विकेट हासिल किए। जवाब में दून सुपर किंग्स ने 8.5 ओवर में तीन विकेट खोकर 65 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम किया। मनीष डंगवाल ने नाबाद 32 और शैलेंद्र सेमवाल ने 16 रन बनाए। इस दौरान उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, खेल संयोजक सोबन सिंह गुसाईं, सह संयोजक विजय जोशी, पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, भूपत सिंह बिष्ट, वीके डोभाल, मीना नेगी, प्रवीन बहुगुणा आदि भी उपस्थित रहे।
—-
*बडोला ने बनाया कीर्तिमान*
दून सुपर किंग्स के फिरकी गेंदबाज संदीप बडोला इस प्रतियोगिता में हैट ट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बने। इसके साथ ही उन्होंने एक ही पारी में सात विकेट झटक कर एक नया कीर्तिमान बना दिया है। इससे पहले उत्तरांचल प्रेस क्लब के क्रिकेट टूर्नामेंट में किसी भी गेंदबाज ने एक पारी में सात विकेट नहीं लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *