विविध

ऋषिकेश में सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव शुरू

ऋषिकेश/देहरादून। गढ़वाल मंडल विकास निगम व उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का ऋषिकेश के मुनीकीरेती में शुरू हो गया है। सोमवार को मुनीकीरेती में गढ़वाल मंडल विकास निगम के गंगा रिसोर्ट में गंगा तट पर बने मुख्य हैंगर में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का उद्घाटन कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, स्वामी रविन्द्र गिरि, आचार्य बालकृष्ण व जीएमवीएन के अध्यक्ष महावीर सिंह रांगड़ ने संयुक्त रूप से किया। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव तीर्थ नगरी की पहचान है। कोरोना संक्रमण के बीच यह आयोजन अपने आप में एक बड़ा संदेश देता है। उन्होंने कहा कि योग को आज पूरी दुनिया समझ चुकी है यही वजह है कि आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है। योग महोत्सव में आगामी सत्रों में ब्रह्मकुमारी सिस्टर बीके शिवानी, स्वामी परमात्मानंद, गौर गोपाल दास, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी आत्म स्वरूपानंद, और ग्रैंड मास्टर अक्षर प्रमुख रूप से हैं। इसके अलावा संस्कृति व संगीत से जुड़े कई मशहूर कलाकार जिनमें सुमित सेन, रितेश मिश्रा, रजनीश मिश्रा, इंदिरा नाइक, त्रिभुवन महाराज, सुमित कुटानी, हंसराज रघुवंशी और मृगया बैंड भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन प्रत्येक वर्ष एक मार्च से सात मार्च तक किया जाता है। इस वर्ष विश्वव्यापी कोरोनावायरस के कारण विदेशी योग साधक योग महोत्सव का हिस्सा नहीं बन पाए हैं। लगभग 450 भारतीय योग साधक योग महोत्सव में शिरकत कर रहे हैं। सात दिवसीय योग महोत्सव में योग कक्षाओं के अलावा कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस आयोजन में कई प्रतिष्ठित योग शिक्षक व आध्यात्मिक गुरु ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से जुड़कर योग साधकों का मार्गदर्शन करेंगे।

महोत्सव के उद्घाटन पर उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय हरिद्वार के योग विभाग की टीम ने योग आसन व  क्रियाओं का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार चौहान, गढ़वाल मंडल विकास निगम के उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंघल, नगर पालिका अध्यक्ष मुनीकीरेती रोशन रतूड़ी, मंडी समिति के अध्यक्ष विनोद कुकरेती आदि मौजूद थे।

देवभूमि उत्तराखंड को योग भूमि उत्तराखंड बनाने के संकल्प के साथ दून योगपीठ देहरादून के योग साधकों की टीम आध्यात्मिक गुरु आचार्य बिपिन जोशी के पावन सानिध्य में अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 2021 में भाग लेने के लिए  देहरादून से आज प्रातः ऋषिकेश के लिए रवाना हो गई है। सभी योग साधकों को मंगलाचरण के साथश्री राम नामी दुपट्टा उड़ाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर टीम में योगाचार्य दीपक कुकरेती, योगाचार्य नीरज डोभाल, आचार्य विकास भट्ट, योगाचार्य शीतल तोमर, अभिरुचि राणा, हर्षा कौर वेदी, कनुप्रिया रावत, सागर राणा, अलंकृता तोमर, आराध्य तोमर शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *