देहरादून

पहाड़ में पाला मैदान में पसरा कोहरा

वातावरण में बढऩे लगा ठंड का प्रकोप, फिलहाल राहत नहीं
देहरादून । वातावरण में ठंड का प्रकोप बढऩे लगा है। एेसे में पहाड़ में सुबह व रात को पड़ रहा पाला और मैदानी क्षेत्रों में पसर रहा कोहरा (धुंध) लोगों की मुसीबत बढ़ाने लगा है। आने वाले दिनों में भी इससे निजात मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को राज्य में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में आसमान साफ रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह व रात को पाला पडऩे से ठिठुरन बढ़ेगी। जबकि राजधानी देहरादून व आसपास के मैदानी इलाकों में सुबह के समय वातावरण में कोहरा छा सकता है। हरिद्वार, उधमसिंहनगर तथा पौड़ी व नैनीताल जिले के निचले क्षेत्रों में भी उथला कोहरा छा सकता है। दून में तापमान का अधिकतम व न्यूनतम स्तर क्रमश: 21.0 व 7.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
इधर, मंगलवार को भी मौसम का मिजाज शुष्क रहा। मैदानी क्षेत्रों में सुबह को उथला कोहरा छाने से लोगों की मुसीबत बढ़ी। हालांकि दोपहर को आसमान साफ रहने व गुनगुनी धूप खिलने से लोगों को  ठंड से राहत मिली है। शाम ढलते ही वातावरण में फिर ठिठुरन बढऩे लगी। देहरादून में आज अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 21.5 व 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके अलावा पंतनगर में अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 19.8 व 4.9 डिग्री सेल्सियस, मुक्तेश्वर में 13.0 व 2.9 डिग्री सेल्सियस तथा टिहरी में 15.0 व 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *