देहरादून

राज्य को डुबो दिया 70 हजार करोड़ के कर्ज में

उक्रांद ने भाजपा व कांग्रेस पर लगाया आरोप, कहा जनता के साथ हो रहा छलावा
देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के केंद्रीय कोषाध्यक्ष व पौड़ी जिले के प्रभारी मोहन काला ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस ने साढ़े 20 साल के उत्तराखंड को 70 हजार करोड़ के कर्ज में डुबो दिया है। विकास के नाम पर जनता के साथ सिर्फ छलावा किया गया है। हालात यह कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सडक़ व पानी के अभाव के कारण पहाड़ से निरंतर पलायन बढ़ता जा रहा है। तकरीबन नौ सौ गांव उजाड़ हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह बजट सत्र के दौरान बीती एक मार्च को गैरसैंण में मातृशक्ति पर लाठीचार्ज किया गया उस घटना को जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
शनिवार को कचहरी रोड स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में यूकेडी नेता काला ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आमजन परेशान है। पेट्रोल, डीजल व अन्य चीजों के दाम दिनोंदिन बढ़ते जा रहे हैं। पर इन सबके बीच प्रचंड बहुमत वाली भाजपा राज्य को सियासी प्रयोगशाला बनाकर सरकार बनाने व गिराने में लगी हुई है। वहीं मुख्य विपक्षी दल भी मौन बैठा हुआ है। उपनल, पीआरडी, आंगनवाड़ी व आशा कार्यकत्रियां मानदेय बढ़ाने व नियमितिकरण करने की मांग को लेकर आंदोलित हैं। पर इनकी आवाज कोई सुन नहीं रहा है। कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में हालात बद से बदतर बने हुए हैं। जगह—जगह सडक़ें उबड़-खाबड़ हो रखी हैं। जिला अस्पताल महज रेफरल सेंटर बने हुए हैं। रोजगार नहीं मिलने के कारण युवा पलायन कर रहे हैं। कोरोनाकाल में जो प्रवासी वापस लौटे थे उनमें से भी आधे से अधिक लोग वापस महानगरों की तरफ लौट चुके हैं। कहा कि गैरसैंण में बजट सत्र के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रही मातृशक्ति पर जिस तरह बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज किया गया है उससे मु”ाफरनगर की याद ताजा हुई है। यूकेडी व राज्य की जनता इस घटना को कदापि बर्दाश्त नहीं करेगी। 
कहा कि त्रिवेन्द्र सरकार ने गैरसैंण को जिला बनाने के बजाय नया मंडल बनाकर जनभावनाआें के साथ मजाक किया है। बेहतर होता कि गैरसैंण को पूर्णकालिक राजधानी घोषित किया जाता। उक्रांद नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जिस व्यक्ति को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है वह पहाड़ विरोधी है। इससे साफ जाहिर होता है कि भाजपा की मानसिकता भी किस तरह पहाड़ विरोधी है। भाजपा की चाल, चेहरा व चरित्र यही दर्शाता है। कहा कि जिन आरोपों व भ्रष्टाचार के कारण त्रिवेन्द्र सिंह रावत को मुख्यमंत्री पद से हटाया गया है भाजपा उसको जनता के सामने रखे। पत्रकार वार्ता में शांति प्रसाद भट्ट, सुनील ध्यानी, जय प्रकाश उपाध्याय आदि भी मौजूद रहे।
——————————————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *