खेल

पंजाब और सीएंडएजी के बीच होगी खिताबी भिड़ंत

देहरादून। 42वें ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला रविवार को पंजाब और कंट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल (सीएंडएजी) के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई है। पहले सेमीफाइनल में पंजाब ने त्रिपुरा को हराकर फाइनल का टिकट कटाया था, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में सीएंडएजी ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) को 8 विकेट से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएयू की टीम 48.5 ओवर में 272 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सीएयू की ओर से कुनाल चंदेल ने 59, शास्वत डंगवाल ने 54 और युवराज चौधरी ने 53 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। देवांश शर्मा ने 29 रन का योगदान दिया। सीएंडएजी की ओर से एम. दत्ता और आयुष जमवाल ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि लोने नासिर और सुमित माथुर को दो-दो सफलताएं मिलीं।

273 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएंडएजी की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 44.5 ओवर में मात्र दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आयुष जमवाल ने 102 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि स्वास्तिक समल ने 76 रन बनाए। अर्कप्रभा सिन्हा ने नाबाद 58 और शुभम सिंह पुंडीर ने नाबाद 23 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए आयुष जमवाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब रविवार को होने वाले फाइनल में पंजाब और सीएंडएजी की टीमें ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगी।

मैच के दौरान देवभूमि गोल्ड कप के सचिव पीसी वर्मा, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पूर्व सचिव माहिम वर्मा, पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव उमेश चंद्र जोशी, महेश चंद्र शाह, कुमार थापा, संतोष गैरोला और योगेंद्र बाजपेई सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

———————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *