प्रदेश में मौसम के करवट बदलने के आसार
गढ़वाल मंडल में कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश तो चोटियों पर हिमपात संभव
देहरादून। प्रदेश में मौसम के करवट बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने भी इसका पूर्वानुमान जताया है। विभाग के मुताबिक अगले एक-दो दिन में पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों में मौसम का रूख बदल सकता है। बुधवार को पर्वतीय क्षेत्रों में आसमान मे आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। गढ़वाल मंडल के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने की संभावना है। जबकि निचले इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा। इसी तरह देहरादून व आसपास के मैदानी क्षेत्रों में आसमान मुख्यत: साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बाद में गरजन वाले बादल विकसित होने अथवा हल्की बारिश होने की मामूली संभावना है। सुबह व रात को वातावरण में ठंड रहेगी। दून में अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 24.0 व 8.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
इधर, मंगलवार को भी राज्य में मौसम का मिजाज शुष्क रहा। पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों में आसमान साफ रहा और गुनगुनी धूप खिली रही। हालांकि सुबह व रात को वातावरण में ठंड का असर रहा। दून में आज अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 25.3 व 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मसूरी में भी सुबह व शाम को वातावरण में ठंड बनी हुई है। ऋषिकेश, हरिद्वार, रुडक़ी व आसपास के मैदानी इलाकों में सुबह को हल्का कोहरा छाया रहा। बाद में आसमान साफ रहने से गुनगुनी धूप खिली रही।
-—-—-—-—-—-—-—-—-—-—-—-—-—-—-—-—-—-—-—-—-—