उत्तराखंड

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दिया प्रदेशवासियों को शुभकामना संदेश

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दिया शुभकामना संदेश

राष्ट्र सेवा का संकल्प लेने का किया आह्वान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को 75वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। उन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सैन्य व अर्धसैन्य बलों के शहीद जवानों को नमन करते हुए कहा कि आज हम जिस खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वह महान स्वतंत्रता सेनानियों और हमारे वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के सभी अमर शहीदों और आंदोलनकारियों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया है। उत्तराखण्ड़ की राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने देशवासियों तथा प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है।  स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जारी अपने संदेश में राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि देश आजादी के 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है जिसे पूरा देश अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है। आजादी की लड़ाई में भारतीय वीर, वीरांगनाओं ने अपने प्राणों की आहुति दी जिनको हर वर्ष हम आजादी के इस पर्व पर याद भी करते हैं तथा नम आँखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। हमारे हजारों भाई भी अज्ञात रूप से इस स्वतंत्रता आंदोलन में संघर्ष करते  हुए शहीद हुए। आज का दिन उन सभी ऐसे परिचित-अपरिचित देशभक्तों को स्मरण करते  हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का है। राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने कहा कि इस पावन पर्व पर स्वतंत्रता संग्राम के सभी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करती हूँ, जो भारत की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए देश पर न्यौछावर हो गये।स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी ने न्यू इंडिया के निर्माण का जो संकल्प लिया है, उसे सिद्ध करने के लिये हम सभी 130 करोड़ भारतवासियों को अपना हाथ बढ़ाना होगा, तभी स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव का उद्देश्य पूर्ण होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के इस मुश्किल दौर में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने एक सफल लड़ाई लड़ी है। दुनिया का सबसे बड़ा निःशुल्क वैक्सीनेशन अभियान हमारे देश मे चल रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड की समस्त जनता की ओर से प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।

———————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *