मकर संक्रांति: देवप्रयाग संगम पर साधु संतों ने लगाई डुबकी
देवप्रयाग। मकर संक्रांति पर्व पर षड्दर्शन साधु समाज व अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के संतो ने छड़ी पूजन कर देवप्रयाग के संगम पर डुबकी लगाई। जिनका देवप्रयाग पहुंचने पर उत्तराखंड के परंपरागत वाद्य यंत्रों के साथ स्थानीय जनता ने पुष्प वर्षा कर हर हर महादेव के उद्घोष के साथ स्वागत किया। षड्दर्शन साधु समाज व अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के आह्वान पर महानिर्वाणी आवाहन जूना, निरंजनी एवं षड्दर्शन साधु समाज के संतो ने देव प्रयाग के संगम पर डुबकी लगाई। मकर संक्रांति के पर्व को लेकर देवप्रयाग के पंडा समाज, चार धाम हक हकूक धारी, व्यापार सभा, श्री बद्रीश पंडा पंचायत, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के अतिरिक्त स्थानीय नागरिकों ने संत समाज का देवप्रयाग के संगम पर स्नान किए जाने को लेकर पिछले एक महीने से तैयारियां की जा रही थी।
कुंभ मेला प्रशासन ने साधु संतों के अनुरोध पर उन्हें गंगा स्नान की अनुमति दी है। पहले स्नान के लिए 14 जनवरी 2021 को मकर संक्रांति पर देवप्रयाग संगम पर साधु संत स्नान कर सकेंगे। जबकि दूसरे स्नान के लिए संतों को बसंत पंचमी को ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट संगम पर स्नान की अनुमति दी गई है।
——————————————-