दून में बारिश, मसूरी, धनोल्टी में हुई बर्फबारी
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने से ठंड बढ गयी है। दून सहित मैदानी क्षे़त्रों में बारिश और चार धाम सहित मसूरी, धनोल्टी में भी गुरूवार को बर्फबारी हुई। गुरूवार की सुबह से ही दून व आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए हुए थे।सुबह से ही हल्की बंूदाबांदी होने लग गयी थी। दोपहर को दून में रिमझिम बारिश शुरू हो गयी। जिससे तापमान में गिरावट आने के साथ ही ठिठुरन बढ गयी। पहाडों की रानी मसूरी, चकराता और धनोल्टी में बर्फबारी होने से ठंडक बढ गयी। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगो़त्री, यमुनोत्री के साथ ही हर्षिल, चोपता की चोटियों पर बीते रोज से हिमपात हुआ। उत्तरकाशी के हर्षिल में पहाड बर्फ की चादर से सफेद हो गए। ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बारिश होने से समूचा इलाका शीतलहर की चपेट में आ गया। कड़ाके की ठंड के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। मौसम विभाग के अनुसार अभी एक-दो दिन प्रदेश में बारिश व बर्फबारी होने के आसार है। मसूरी में बारिश के बाद बर्फ की फहारें पडने से पर्यटकों के चेहरे खिल उठे।
——————————————