प्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेस का सचिवालय कूच
देहरादून। महिला उत्पीड़न, भ्रष्टाचार समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर सचिवालय कूच किया। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता देहरादून पहुंचे।
चकराता विधायक व पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के आह्वान पर प्रदेशभर से आए कार्यकर्ता रेंजर्स ग्राउंड में एकत्रित हुए। यहां सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने दर्शन लाल चौक, घंटाघर और एसलेहाल होते हुए सचिवालय कूच किया। सचिवालय के समीप कांग्रेसियों के जुलूस के पहुंचने पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। जिस पर कई कांग्रेस नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में नोक झोंक भी हुई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, पूर्व मंत्री यशपाल आर्य, तिलक राज बेहड़, डॉ हरक सिंह रावत, ममता राकेश, सूर्यकांत धस्माना, विजयपाल, मदन सिंह, दिनेश अग्रवाल, गोपाल सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।