देहरादून । उत्तराखंड में सियासी उठापटक के बाद आखिरकार मंगलवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिल्ली से लौटने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया। शाम सवा चार बजे उन्होंने राजभवन में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए राज्य में नए मुख्यमंत्री के पदभार ग्रहण करने की अवधि तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में पद पर बने रहने को कहा। नया नेता चुनने के लिए भाजपा विधानमंडल दल की बैठक बुधवार को देहरादून में होगी। विधानमंडल दल की बैठक में नया नेता चुनने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम देहरादून पहुंच गए हैं। उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर शनिवार से चल रही अटकलों पर मुख्यमंत्री के इस्तीफे के साथ ही विराम लग गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शाम चार के करीब इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में अब सवाल यही उठ रहा है कि उत्तराखंड का नया सीएम कौन होगा? नए सीएम की रेस में पांच नाम सबसे आगे चल रहे हैं, जिनमें राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. धन सिंह रावत के अलावा केंद्रीय शिक्षा मंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक का नाम चर्चा में है। हालांकि, सूत्र भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी को भी प्रबल दावेदार बता रहे हैं। पार्टी का एक खेमा सांसद अजय भट्ट के नाम की पैरवी भी कर रहा है। हालांकि प्रदेश का नया सीएम कौन होगा ये विधायक दल की बैठक के बाद ही तय होगा।
घटनाक्रम
सुबह 11 बजे : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत दिल्ली से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे।
दोपहर 12 बजे : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। कार्यकर्ताओं से बात करने के लिए उनके साथ जमीन पर ही बैठ गए।
दोपहर 1 बजे : विधायक मुन्ना सिंह चौहान सामने आए। बोले कि कोई नाराज नहीं है। मुख्यमंत्री तीन बजे मीडिया से बात करेंगे।
दोपहर 2 बजे : विधायक मुन्ना सिंह चौहान फिर सीएम आवास के बाहर मीडिया से रूबरू हुए। कहा, साढ़े तीन बजे मुख्यमंत्री अपनी बात रखेंगे।
दोपहर 3:30 बजे : मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार दर्शन सिंह रावत सामने आए। बोले पहले मुख्यमंत्री राजभवन जाएंगे, इसके बाद प्रेस वार्ता करेंगे।
शाम 4:10 बजे : मुख्यमंत्री राजभवन के गेट नंबर तीन से राजभवन पहुंचे और इस्तीफा दिया।
शाम 4:25 बजे : मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
शाम 4:50 बजे : मुख्यमंत्री प्रेस वार्ता करने के बाद मुख्यमंत्री आवास लौट गए। यहां बाहर लॉन में ही कार्यकर्ताओं के पास बैठ गए।
शाम 5 बजे : मुख्यमंत्री रावत कार्यकर्ताओं से विदा लेकर मुख्यमंत्री आवास में चले गए।
—————————————-