धर्म-संस्कृति

देवस्थानम बोर्ड को लेकर तीर्थ पुरोहितों का आंदोलन का निर्णय, मंगलवार को मंत्रियों के आवास का होगा घेराव

देहरादून। देवस्थानम बोर्ड भंग करने की मांग कर रहे चारधाम तीर्थ पुरोहित हक हकूकधारी महापंचायत ने आंदोलन की रणनीति बनाई है। निर्णय लिया गया कि मंगलवार 23 नवंबर को देहरादून में कैबिनेट मंत्रियों के आवास का घेराव किया जाएगा। 27 नवंबर को काला दिवस मनाते हुए सचिवालय कूच होगा।
सोमवार को गांधी रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में चारधाम तीर्थ पुरोहित एवं हक हकूकधारी महापंचायत की बैठक हुई। इसमें चारों धामों के तीर्थ पुरोहित महासभा, पंचायतों एवं मंदिर समितियों के पदाधिकारी शामिल हुए। पत्रकार वार्ता में महापंचायत के संयोजक सुरेश सेमवाल ने कहा कि लंबे समय से देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन सरकार कार्रवाई के बजाय सिर्फ आश्वासन दे रही है। जिस कारण तीर्थ पुरोहितों में आक्रोश है।
इसी क्रम में मंगलवार सुबह नौ बजे यमुना कालोनी स्थित सभी मंत्रियों के आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 27 नवंबर 2019 को कैबिनेट में श्राइन बोर्ड का प्रस्ताव पारित हुआ था, जिसे दो साल पूरे होने जा रहे हैं। इस प्रस्ताव का विरोध और इस दिन को काला दिवस के रूप में मनाते हुए 27 को गांधी पार्क से सचिवालय के लिए आक्रोश रैली निकाली जाएगी।
महापंचायत के प्रवक्ता डा. बृजेश सती ने बताया कि जब तक देवस्थानम बोर्ड भंग नहीं होता तब तक तीर्थ पुरोहितों का आंदोलन जारी रहेगा। बैठक में चारधाम महापंचायत के संरक्षक राजीव सेमवाल, यमुनोत्री तीर्थ पुरोहित महासभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल, यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव लखन उनियाल, गंगोत्री तीर्थ पुरोहित महासभा के अध्यक्ष पवन सेमवाल आदि मौजूद थे।

—————————–

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *