धर्म-संस्कृति

सड़क पर दो साध्वियों की मौत से गुस्साया जैन समाज

 बोले- मार्ग में सुरक्षित हो संतों का विहार

देहरादून। भारतीय जैन मिलन क्षेत्र संख्या-14 (देहरादून परिक्षेत्र) के तत्वावधान में मंगलवार को जैन समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम स्मिता परमार के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन सौंपा।

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नरेश चंद जैन एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष अतिवीर डॉ. संजय जैन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में रीवा (मध्य प्रदेश) में हुई हृदयविदारक सड़क दुर्घटना की निष्पक्ष जांच तथा देशभर में जैन साधु-साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि मध्य प्रदेश के रीवा में जैन साध्वियों के विहार के दौरान सुरक्षा में गंभीर चूक के कारण एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो जैन आर्यिका श्री श्रुतमती माताजी एवं उपशममती माताजी की असामयिक मृत्यु हो गई। बताया गया कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने साध्वियों को जोरदार टक्कर मारी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इस दर्दनाक घटना से संपूर्ण जैन समाज में गहरा शोक एवं भारी आक्रोश व्याप्त है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि जैन साधु-संत पूर्णतः अपरिग्रही होते हैं तथा वे आजीवन देशभर में पैदल पदविहार करते हैं। ऐसे में इस विषय को अत्यंत संवेदनशीलता से लेते हुए पूरे देश में विहाररत जैन साधु-साध्वियों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभाव से कड़ा सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही रीवा हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर संदीप जैन, मधु जैन (मीडिया समन्वयक, जैन समाज), अंकुर जैन, मनीष जैन, प्रदीप जैन, सुरेश चंद जैन, राजीव जैन, संजीव जैन, अजीत जैन, प्रतीक जैन, पंकज जैन , सुनील जैन, अशोक जैन, प्रीति जैन, अमित जैन, दीप शिखा जैन, अलका जैन, शेफाली जैन, प्रवीण जैन, प्रदीप जैन, अनिल जैन, अजय जैन सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

———————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *