खेल

कुणाल की घातक गेंदबाजी से चित हुए डीडीसीए के बल्लेबाज

तेजस्वी और आयुष ने खेली धमाकेदार शतकीय पारी
सीएजी ने उडीसा को 5 विकेट से हराया
देहरादून। हरफनमौला कप्तान कुणाल चंदेल की घातक गेंदबाजी (5 विकेट) और तेजस्वी जयसवाल के धमाकेदार शतक (121 रन) की बदौलत 42वां उत्तराखंड गोल्ड कप में सीएयू ने डीडीसीए को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। दूसरे मैच में सी एंड एजी ने उडीसा को 5 विकेट से हराया।
राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) और क्रिकेट एसोसिएशन आफ उत्तराखंड (सीएयू)के बीच मैच हुआ। टाॅस जीतकर डीडीसीए ने पहले बल्लेबाजी कर 50 ओवर में 9 विकेट पर 259 रन बनाए। कप्तान आयुष डोसेजा ने 138 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा यश भाटिया के 36, देव लाकरा के 28, रौनक के 19, कृष डागर के 13 रनों के अलावा कोई भी खिलाडी दहाई का आंकडा नहीं छू सका। टीम को 11 अतिरिक्त रन मिले। सीएयू के लिए कुणाल चंदेल ने घातक गेंदबाजी कर 5, अवनीष सुधा ने 2 विकेट चटकाए।
जवाब में खेलने उतरी सीएयू की टीम ने 44.2 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर 8 विकेट से जीत हासिल कर ली। तेजस्वी जयसवाल ने 3 छक्के 14 चौके की मदद से 121 रनों की धमाकेदार शतकीय पारी खेली। वहीं, अवनीष सुधा ने 65, कप्तान कुणाल चंदेल ने 63 रनों का योगदान दिया। डीडीसीए के लिए रजनीश दादर ने 2 विकेट लिये।
महाराणा प्रताप स्पोट्र्स कालेज ग्राउंड में उडीसा क्रिकेट एसोसिएशन और कम्पट्रालर एंड आॅडिटर जनरल (सी एंड एजी) के बीच खेले गए मैच में सी एंड एजी ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। पहले खेलते हुए उडीसा की टीम 49.5 ओवर में 272 रनों पर ढेर हो गयी। जिसमें श्रेय ने 76, संबित बराल ने 45, ओम टी मुंडे ने 37, गौरव ने 33 रनों का सर्वाधिक योगदान टीम को दिया। सीएजी के लिए एम. दत्ता, प्रियांशु विजयरान, आयुश जमवाल व अब्दुल बाजिथ ने 2-2 विकेट झटके। जवाब में खेलने उतरी सी एंड एजी की टीम ने 44.5 ओवर में 5 विकेट रहते हुए जीत हासिल कर ली। कप्तान गुरिंदर सिंह ने नाबाद 101, शुभम सिंह पुंडीर ने नाबाद 99 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उडीसा के लिए सौम्या लेनका, मौ. दानिश ने 2-2 और बादल बिस्वल ने 1 विकेट लिया।
………………………………

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *