उत्तराखंड

मकर संक्रांति पर गंगा में श्रद्धालु लगा रहे आस्था की डुबकी, कर रहे दान पुण्य

देहरादून। मकर संक्रांति पर्व प्रदेश में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। हरिद्वार व ऋषिकेश के गंगा घाटों में श्रद्धालु स्नान और दान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। गंगा घाटों पर सुबह से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे और जय मां गंगे के जयघोष के साथ गंगा में डुबकी लगा रहे है। इस मौके पर गंगा पूजन व दान पुण्य का लाभ भी अर्जित किया। मकर संक्रांति को लेकर दून में विभिन्न स्थानों पर खिचड़ी का प्रसाद भी वितरित किया जा रहा है। ज्योतिषों के अनुसार मकर संक्रांति पर्व का महत्व इस वर्ष गुरुवार होने के कारण और भी बढ़ गया। क्योंकि सूर्य, वृहस्पति और अन्य पांच ग्रहों के साथ षडग्रही योग बना रहा है। ऋ षिकेश और हरिद्वार के गंगा घाटों में श्रद्धालु गंगा में स्नान कर दान पुण्य कर रहे है। हालांकि कोविड-19 की गाइड लाइन के चलते गत वर्षो की अपेक्षा इस बार श्रद्धालुआें की संख्या कम दिख रही है।

मकर संक्रांति के दिन सूर्य धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करता है। एक राशि को छोड़कर दूसरे राशि में प्रवेश करने की इस विस्थापन क्रिया को ही संक्रांति कहा जाता है। ज्योतिषगणना के अनुसार मकर संक्रांति से ही सूर्य उत्तरायण होंगे। पौराणिक कथाओं के अनुसार मकर संक्रांति के दिन गंगा नदी भगीरथ के पीछे-पीछे चलकर कपिल मुनि के आश्रम से होते हुई सागर में जा मिली थी। इसीलिए मकर संक्रांति के दिन गंगा स्नान का भी विशेष महत्व है।

—————————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *