उत्तराखंड

हादसा : बारात वाहन खाई में गिरने से 14 की मौत

चम्पावत उत्तराखंड में सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया। टनकपुर-चम्पावत हाईवे से जुड़ी सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर मैक्स दुर्घटना में सवार 16 में से 14 लोगों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चालक तथा एक अन्य व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। दुर्घटना बुुड़म से लगभग तीन किलोमीटर आगे हुई बताई जा रही है। हादसे के बाद शव बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हैं जिससे उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। अभी तक दो की पहचान हो पाई है। इनमें से एक राम प्रकाश दूसर त्रिलोक राम है। जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन संख्या-यूके 04,टीए- 4712 में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में हुई शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बीती रात लगभग 3 : 20 बजे  मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सभी लोग ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह की शादी में शामिल होने गए थे। अधिकांश मृतक लक्ष्मण सिंह के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। सभी 14 शवों को खाई से बाहर निकाला गया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। यहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। इनमें से चालक की हालत ज्यादा गंभीर है। मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *