देहरादून। नैनीताल सीट के लिए कांग्रेस में टिकट की दावेदारी कर रही महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता आर्य ने कांग्रेस के प्रत्याशियों की सूची जारी होने से पहले ही वह भाजपा में शामिल हो गईं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। सरिता आर्य पहले भी कह चुकी थी कि अगर बीजेपी मुझे टिकट देगी तो मैं कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो जाऊंगी। वहीं कांग्रेस ने भी सरिता आर्य पर कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी के सभी पदों से निष्कासित कर दिया है।
सरिता आर्य हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे एवं नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य से नाराज थी। वह नैनीताल सीट से चुनाव लड़ना चाहती हैं। कांग्रेस में उन्होंने टिकट की दावेदारी भी नैनीताल सीट से की थी, लेकिन कांग्रेस में संजीव आर्य के नाम की चर्चा चल रही थी। हाल ही में उन्होंने भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी से मुलाकात भी की थी।