भाजपा जिलाध्यक्ष के घर धमाका, दरवाजे व खिड़कियां क्षतिग्रस्त
मंगलवार की देर रात भाजपा के जिलाध्यक्ष के घर पर जोरदार धमाके से आसपास का क्षेत्र दहल उठा। धमाका इतना तेज था कि इसके प्रभाव से मकान के गेट, खिड़की, दरबाजे आदि क्षतिग्रस्त हो गए। घर का सामान भी खराब हो गया। अभी धमाके की वजह भी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। माना ये भी जा रहा है कि आकाशीय बिजली गिरने से तो कहीं ये धमाका नहीं हुआ। आकाशीय बिजली के धमाके से भी मकान और दीवार क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। यदि बिजली जमीन पर गिरे तो इसके बाद किसी भी दिशा में काफी दूर तक सीधी लाइन में इसका प्रभाव देखा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने मामले को संज्ञान लेते हुए डीआइजी को जांच के आदेश दिए हैं।
नैनीताल जिले के हल्द्वानी में मंगलवार रात्रि साढ़े बारह बजे की है। फिलहाल जिलाध्यक्ष के आवास में धमाके की जांच में फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जाएगी। भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट का हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के हीरानगर में पार्क के सामने आवास है। पुलिस के अनुसार रात करीब 12.30 बजे जोरदार धमाका हुआ। भूतल की खिड़कियां और दरवाजे तक उखड़कर दूर जा गिरे। एक कमरे की दीवार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी, सीओ हल्द्वानी, एसडीएम मनीष सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट रिचा सिंह रात ही मौके पर पहुंच गए थे।
घटना का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लिया। उन्होंने डीआइजी को जांच का आदेश देकर खुद भी जिलाध्यक्ष से बात की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी जिलाध्यक्ष से बातकर ढांढ़स बंधाया। भाजपा जिलाध्यक्ष नैनीताल प्रदीप बिष्ट ने बताया कि धमाका कैसे हुआ कुछ पता नहीं। नुकसान बहुत हुआ है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
एसपी सिटी ने मकान पर बिजली गिरने की आशंका जताई। इस धमाकों में पांचों कमरों के दरवाजे व खिड़कियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। जिलाध्यक्ष के घर के आसपास के लोगों ने बताया कि देर रात जोरदार धमाका हुआ। लगा कि कहीं बम फटा हो। सभी बाहर निकले तो प्रदीप बिष्ट के आवास के भूतल के कई दरवाजे व खिडंकियां सड़क पर पड़ी थीं। जिलाध्यक्ष सहित उनका पूरा परिवार सही सलामत है।