राजनीति

प्रियंका गांधी ने जारी किया ‘उत्तराखंडी स्वाभिमान प्रतिज्ञा पत्र’, बोली-पांच साल में कुछ नहीं किया भाजपा सरकार ने

देहरादून। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा  बुधवार को देहरादून पहुंचीं। यहां उन्होंने पार्टी का घोषणापत्र ‘उत्तराखंडी स्वाभिमान प्रतिज्ञा पत्र’ जारी किया।  देहरादून में कैनाल रोड स्थित एक पार्क में 70 विधानसभा क्षेत्रों में वर्चुअल रैली को भी संबोधित किया। इस मौके पर एक महिला को सम्मानित किया गया।  कार्यक्रमों में प्रतीक के रूप में चार महिलाओ को रोजगार का संकल्प पत्र दिया गया। साथ ही गैस सिलेंडर की कीमत 500 रुपये से अधिक न होने के संकल्प पोस्टर का भी अनावरण किया गया।अपने संबोधन में मौके कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भगवान केदरानाथ, भगवान बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री की ये भूमि है। इस भूमि को मैं नमन करती हूं। यहां से पुराना रिश्ता है। मेरे पिताजी, चाचाजी, मेरे भाई, मैं यहीं पढ़ी। मेरा बेटा भी यहीं पढ़ा। आज यहां आकर इस देवभूमि में जिस तरह की सरकार चल रही है, उसे देखकर दुख होता है। ये दुख क्यों होता है। हर सरकार आती है, जनता की समस्याएं होती है। जो विकास है, वो सरकार जितना करे पूरा नहीं हो सकता है। पर इस सरकार को देखकर दुख इस बात को लेकर होता है, इन्होंने कुछ नहीं किया। लोगों की उम्मीद को तोड़ दिया है। पिछले पांच साल में कुछ काम नहीं किया। आपको किए वायदों को तोड़ा। पहले जो काम किया गया था, वही दिखता है। हमने जो किया, वही दिखता है।उन्होंने कहा कि करने के लिए बहुत कुछ है। नियत साफ नहीं है। खाली पद हैं, पर नौकरी नहीं है। पैसा है, पर खर्च नहीं करते। डबल इंजन ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियां बात करती हैं, तो महिलाओं की बात नहीं करती। क्या आपको मालूम है कि उत्तराखंड में हर पांच घंटे महिलाओं के साथ अत्याचार होता है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर जाना पड़ता है। सबसे ज्यादा बेरोजगारी महिलाओं में ही हैं। आशा, आंगनवाड़ी की महिलाओं का मानदेय वहीं का वहीं है।

उन्होंने कहा कि आप सोचिए कि कैसी सरकार चाहिए। जिनकी सरकारें हैं, वो रोजगार की बात नहीं करते। ये नहीं बताएंगे कि पिछले पांच साल में कितने रोजगार दिए। शिक्षा के बारे में, सुविधाओं के बारे में कौन सोच रहा है। सरकार का काम है आपके जीवन को सुरक्षित बनाना है। आप सोचिए कि इन्होंने आपके लिए क्या किया। दिल में झांकिए। महंगाई से लोग त्रस्त हैं। किसानों का बकाया पूरे देश भर में 14 हजार करोड़ है। प्रधानमंत्री ने अपने लिए दो हवाई जहाज 16 हजार करोड़ में खरीदे, जबकि इन पैसों से गन्ना किसानों का भुगतान हो सकता था। ये मीडिया में आपको कहीं नहीं दिखेगा।उन्होंने कहा कि कोरोना आया, दिल्ली में हमने लोगों को घरों तक पहुंचाने का प्रयास किया। यूपी में हमें बसें नहीं लगाने दी गई। ऑक्सीजन देश में कोई कमी नहीं थी। भारत सबसे बड़ा आक्सीजन का उत्पादक देश है। जब कोरना आया तो ऑक्सीजन का निर्यात करने लगे। फिर जब देश को जरूरत पड़ी तो दिक्कत हुई। सब परेशान हैं। जहां देखो परेशानी ही परेशानी है। आप सच्चाई कब देखोगे। आज ये परिस्थितियां आ गई है कि हम नाच रहे हैं, पांच सौ का सिलेंडर होगा। ये परिस्थिति क्यों आई। आपने सिलेंडर को एक हजार रुपये बना दिया। पहाड़ों में और महंगा होता है। 

प्रियंका गांधी ने कहा कि आपको सब दिख रहा है। तो बदलाव कौन लाएगा। बदलाव कांग्रेस पार्टी तभी लाएगी, जब आप जागरूक बनेंगे। सरकार का काम है, आपके लिए दिन रात काम करना। घोषणा पत्र में हमने कहा कि हम क्या करेंगे। हमारा ट्रेक रिकॉर्ड देखिए। हमारी सरकार का काम कीजिए। हमने छत्तीसगढ़ में घोषणा की कि किसानों का कर्ज माफ करेंगे। सरकार ने जब शपथ ली तो तीन घंटे में माफ किया। उन्होंने कहा कि इनकी बातों से गुमराह मत होइए। परिवार के बारे में सोचिए। फूट डालने वालो से बचें। जो नाकारात्मक बातें करते हैं, उससे हक मांगिए। उससे कहिए सकारात्मक बातें करें। उनसे पूछें कि हमारे लिए क्या करोगे। मन बना लीजिए। अपने स्वाभिमान को मत भूलिए। जब नेता द्वार पर आए तो उससे पूछिए कि वह क्या करना चाह रहा है। आपका वोट महत्वपूर्म है, उसे हल्के में मत लीजिए। आप अपना हक मांगो। हक के आधार पर वोट दो। तभी उन नेताओं को अहसास होगा जो झूठ बोलते हैं, उनकी बात अब नहीं चलने वाली है। इस दौरान प्रियंका ने महिलाओं से- मैं लड़की हूं, मैं लड़ सकती हूं, का नारा लगवाया।

घोषणा पत्र के कुछ अंश-

-महिलाओं को रोजगार में 40 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा

-महिलाओं को सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी

-पुलिस भर्ती में भी महिलाओं को 40% आरक्षण की सुविधा दी जाएगी

– आंगनबाड़ी एवं आशा वर्करों का मानदेय डेढ़ गुना बढ़ाया जाएगा
-कोरोना से प्रभावित व्यक्ति/परिवार को सालाना ₹40000 दिए जाएंगे
– पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए विशेष नीति बनाई जाएगी

——————————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *