खेल

उत्तराखंड गोल्ड कपः यूपीसीए और पंजाब की शानदार जीत

देहरादून। 42वां उत्तराखंड गोल्ड कप में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन पर 216 रनों से शानदार जीत दर्ज की। दूसरे मैच में पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने सहगल क्रिकेट क्लब को 133 रनों से शिकस्त दी।
राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में उत्तरप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के बीच 42 ओवर का मैच खेला गया। हिमाचल प्रदेश ने टाॅस जीतकर क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी कर उत्तर प्रदेश ने 41.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 326 रन का स्कोर बनाया। टीम में आदर्श सिंह ने 86, रितुराज शर्मा ने 66, सिद्धार्थ यादव ने 64, कार्तिक यादव ने 22 रनों का सर्वाधिक योगदान दिया। हिमाचल प्रदेश की तरफ से अभिषेक, प्रिंस ठाकुर ने 3-3, नितिन शर्मा ने 2 विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल प्रदेश के बल्लेबाज आयुष चौधरी की गेंदबाजी के आगे नहीं टिक सके और पूरी टीम 24.1 ओवर में 110 रनों पर ढेर हो गयी। टीम में अमनप्रीत सिंह ने 20, वैभव ने 21, इनेश महाजन ने सर्वाधिक 18 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की ओर से आयुष चौधरी ने 6 व कार्तिक यादव ने 3 विकेट झटके।
महाराणाा प्रताप स्पोट्र्स कालेज ग्राउंड में पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन और सहगल क्रिकेट क्लब के बीच खेले गए मुकाबले में पंजाब की टीम ने 133 रनों से जीत हासिल की। पहले खेलते हुए पंजाब ने 50 ओवर में छह विकेट पर 334 रन बनाए। देव अमृतपाल ने 102 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। इसके अलावा उदय प्रताप ने 43, राहुल कुमार ने 73, ईश राव ने 42 रन बनाए। सहगल क्रिकेट क्लब के लिए सुमित कुमार ने 3 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सहगल क्रिकेट क्लब की टीम 34.5 ओवर में 201 रनों पर सिमट गयी। टीम में रोहित ने 46, अंकित कौशिक ने 39, सौरभ कुमार ने 66 रनों का सहयोग दिया। पंजाब की ओर से धमनप्रीत सिंह व कार्तिक ने 4-4 विकट लिये।
…………………………….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *