टिहरी क्वींस बना वुमेन्स यूपीएल चैंपियन
फाइनल में टिहरी क्वींस ने हरिद्वार स्टार्म को सात विकेट से हराया
मेघा सैनी की खेली शानदार अर्द्धशतकीय पारी
देहरादून। महिला उत्तराखंड प्रीमियर लीग सीजन -२ के फाइनल मैच में टिहरी क्वींस ने हरिद्वार स्टार्म को सात विकेट से हराकर पहली बार चैंपियन बनी। मेघा सैनी ने 67 रनों की शानदार पारी खेली।
राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को फाइनल मुकाबला हरिद्वार स्टार्म और टिहरी क्वींस के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी कर हरिद्वार स्टार्म ने सधी हुई शुरूआत दी। सलामी बल्लेबाज ज्योति गिरी और दीपिका चंद ने 49 रनों की साझेदारी की। सभ्य की गेंद पर पहला विकेट दीपिका चंद का 11 रन के स्कोर पर गिरा। उसके बाद श्वेता वर्मा ने ज्योति के साथ देते हुए 20 रन बनाए। लेकिन कनिका नेगी की गेंद पर ए बिष्ट ने उन्हें रनआउट कर दिया। ज्योति गिरी ने 41 रन बनाए। इसके बाद टिहरी क्वींस की घातक गेंदबाजी के आगे कोई भी खिलाडी क्रिज पर नहीं टिक सका। कल्पना वर्मा 7, कनक तपरनिया 2, रितिका सपयाल 5, सफीना अजीज, अंकिता साह व रोज खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गये। दिव्या वोहरा ने नाबाद 4, गरिमा बिष्ट ने नाबाद 1 रन बनाए। निर्धारित 20 ओवर में हरिद्वार स्टार्म की टीम ने 9 विकेट खोकर 99 रन बनाए। टिहरी क्वींस के लिए निषा मिश्रा, सभ्या ने घातक गेंदबाजी कर तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि नीलम नरेश भारद्वाज ने दो विकेट लिये।
100 रन के लक्ष्य को टिहरी क्वींस ने 11.5 ओवर में हासिल कर सात विकेट से खिताब अपने नाम किया। मेघा सैनी ने 42 गेंदों में तीन छक्के, आठ चौके की मदद से 67 रन की शानदार अर्द्धशतकीय पारी खेली। आरती भंडारी ने 7, नीलम भारद्वाज ने 13, अंकिता बिष्ट ने 9, यशिका बौंठियाल ने 1 रन लिया। हरिद्वार स्टार्म के लिए सफीना अजीज व कल्पना वर्मा ने एक-एक विकेट लिया। मेघा सैनी को प्लेयर आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। समापन पर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी ने विजेता-उपविजेता टीम को ट्राफी प्रदान की।
——————–
