राजनीति

भाजपा के वरिष्ठ नेता व कैंट विधायक हरवंस कपूर का निधन, सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून। उत्तराखंड में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं कैंट के विधायक हरबंस कपूर नहीं रहे। वह 75 साल के थे। सोमवार की सुबह उनका आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से उत्तराखंड की राजनीति को गहरा आघात पहुंचा है। हरबंस कपूर चार बार उत्तर प्रदेश से और चार बार उत्तराखंड विधानसभा के विधायक रहे। बताया जा रहा है कि गत दिवस तक वह बिलकुल स्वस्थ थे। दिन में पार्टी की बैठकों में उन्होंने भाग लिया। रात को वह घर में सोए और सुबह उठ नहीं पाए। सोते वक्त ही उन्होंने इस दुनियां को अलविदा कह दिया। सुबह जब परिवार के सदस्य उन्हें जगाने गए, तब उनके निधन का पता चला। वर्तमान में वह कैंट विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंट देहरादून के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री हरबंस कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हरबंस कपूर के आवास पर जाकर उनको भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढाढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरबंस कपूर जी राजनैतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। लगातार 8 बार विधानसभा का चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की है।
हरबंस कपूर का जन्म 7 जनवरी 1946 में हुआ। उत्तराखंड राज्य में वह उत्तराखंड विधान सभा के अध्यक्ष भी रहे। उनका स्पीकर का कार्यकाल वर्ष 2007 से 2012 तक रहा। वर्तमान में वह कैंट विधानसभा से विधायक थे। 1985 में पहली हार के बाद वह कभी भी विधान सभा चुनाव नहीं हारे। वह देहरादून से लगातार आठ बार (उत्तर प्रदेश विधान सभा के सदस्य के रूप में और उत्तराखंड विधान सभा के सदस्य के रूप में चार बार विजयी रहे।

—————————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *