खेलदेहरादून

दून चैलेंजर्स और 6 बिहार रेजिमेंट सेमीफाइनल में

तृतीय द ग्रेट स्वामी विवेकानंद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट
देहरादून। तृतीय द ग्रेट स्वामी विवेकानंद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट में दून चैलेंजर्स ने 13 गढ़वाल राइफल्स को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। दूसरे मैच में 6 बिहार रेजिमेंट ने ड्रैगन एफसी को 1-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।
पवेलियन ग्राउंड में चल रहे टूर्नामेंट में बुधवार को दून चैलेंजर्स व 13 गढ़वाल राइफल्स के बीच पहला क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया। पहले हॉफ में दोनों टीमों ने कई मूव बनाए लेकिन किसी को भी गोल करने में सफलता नहीं मिली। मध्यांतर के बाद दून चैलेंजर्स ने आक्रामक खेल दिखाया। 65वें मिनट में दून चैलेंजर्स के फॉरवर्ड अक्षय राज ने गोल दागकर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। 77वें मिनट में आदित्य ने गोल कर बढ़त को 2-0 कर दिया। 84वें मिनट में एक बार फिर अक्षय राज ने गोल दाग दून चैलेंजर्स को 3-0 से जीत दिला दी। अक्षय राज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
ड्रैगन एफसी व 6 बिहार रेजिमेंट के बीच खेला गया दूसरा क्वार्टर फाइनल संघर्षपूर्ण रहा। दोनों टीमों ने तालमेल के साथ खेलते हुए एक दूसरे की रक्षापंक्ति को परखना शुरू किया। खेल के 44वें मिनट में 6 बिहार रेजिमेंट को पेनल्टी किक मिली। जिस पर मो. नवाज ने गोल दाग टीम को 1-0 से आगे कर दिया। ड्रैगन एफसी ने अंतिम क्षणों ने बराबरी पर आने के प्रयास किए, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अंतिम सीटी बजते ही 6 बिहार रेजिमेंट ने 1-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मो. नवाज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वीरवार को टूर्नामेंट में दून वैली व स्पोर्ट्स हॉस्टल और सिटी यंग्स व ग्राफिक एरा एफसी के बीच क्वार्टर फाइनल मैच खेले जाएंगे।

————————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *