देहरादून

रिक्त पदों पर भर्ती और पेपर लीक के विरोध में बेरोजगारों का सचिवालय कूच

देहरादून। उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने पेपर लीक मामलों और विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू न होने के विरोध में मंगलवार को सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में युवाओं ने परेड ग्राउंड से सचिवालय तक मार्च निकाला और सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

मंगलवार को प्रदेशभर से पहुंचे बेरोजगार युवा परेड ग्राउंड में एकत्र हुए। यहां से सरकार विरोधी नारे लगाते हुए उनका जुलूस तिब्बती मार्केट, लैंसडाउन चौक और कनक चौक होते हुए सचिवालय की ओर बढ़ा। सचिवालय से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद युवाओं ने वहीं धरना शुरू कर दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कुछ युवा बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की तथा तीखी नोंकझोंक भी हुई। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बाद में सभी प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर विरोध जारी रखा।

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि सरकार स्वयं स्वीकार कर चुकी है कि विभिन्न विभागों में करीब 60 हजार पद रिक्त हैं, लेकिन इन पदों पर समयबद्ध तरीके से भर्ती की विज्ञप्तियां जारी नहीं की जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन भर्तियों की प्रक्रिया शुरू होती है, उन पर भी लगातार सवाल उठते हैं, जिससे युवाओं का भरोसा कमजोर हो रहा है।

——————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *