निजी अस्पताल में लगी आग, भर्ती महिला की मौत
देहरादून। हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया अस्पताल में बुधवार को अचानक आग लग गयी। जिससे एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गयी, जबकि दो गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार अस्पताल के आईसीयू में लगे एसी में अचानक ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई। देखते ही देखते आईसीयू धुएं और जहरीली गैस से भर गया, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। धुएं से भरे आईसीयू में जान जोखिम में डालकर पुलिसकर्मियों ने मरीजों को बाहर निकाला और कई जिंदगियां बचाईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हालात इतने गंभीर थे कि कुछ और देर होने पर बड़ा हादसा हो सकता था। रेस्क्यू के दौरान कई मरीजों और पुलिसकर्मियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। सभी को तत्काल कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इस हादसे में आईसीयू में वेंटिलेटर पर भर्ती 60 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना में कुल 13 लोग प्रभावित हुए, जिनमें 10 मरीज और राहत कार्य में जुटे तीन पुलिसकर्मी शामिल हैं। हादसे की सूचना पर एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह आईसीयू में लगे एसी का ब्लास्ट बताया जा रहा है।
———————-
