जूनियर एथलेटिक्स प्रति.में देहरादून रहा अव्वल
देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय उत्तराखंड राज्य जूनियर (अंडर – 14,16,18,20) एथलेटिक्स प्रतियोगिता का रविवार को विधिवत समापन हो गया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों व संस्थाओं से 790 एथलीटों ने प्रतिभाग किया। इसमें 88 इवेंट्स का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में जिला देहरादून 146 पॉइंट के साथ प्रथम स्थान पर, जिला उधम सिंह नगर 125 पॉइंट के साथ दूसरे स्थान पर तथा जिला हरिद्वार 118 पॉइंट के साथ तीसरे स्थान पर रहा रहा। इस प्रतियोगिता से जिन एथलीटों ने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) के निर्धारित मानकों को पूरा किया, उनका सिलेक्शन 23 से 25 सितंबर को प्रयागराज में आयोजित हो रही 36 वीं नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता तथा 10 से 14 अक्टूबर को भुवनेश्वर में आयोजित हो रही 40वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया गया।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग अंडर 16 – 60 मी में उधम सिंह नगर के आयुष तारागी, बालिका वर्ग अंडर 16 – 60 मी में देहरादून की प्रियजा गोरिया, बालक वर्ग 600 मी में देहरादून के आनंद व बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की प्रतिभा, अंडर 18 बालक वर्ग 400 मीटर में हरिद्वार के अर्जुन सिंह व बालिका वर्ग में रुद्रप्रयाग की प्रज्ञा, बालक वर्ग अंडर 20 में 400 मीटर में हरिद्वार के अद्विक व देहरादून की तनीषा भट्ट, बालक वर्ग अंडर 18 में 100 मीटर में उत्तरकाशी के पंकज व बालिका वर्ग में देहरादून की दीपांशी, बालक वर्ग अंडर 18 में 5000 मीटर रेस वॉक में देहरादून के तुषार पवार व बालिका वर्ग में पौड़ी गढ़वाल की सिमरन, अंडर 20 बालिका वर्ग 5000 मीटर रेस वॉक में पौड़ी गढ़वाल की खुशी, बालिका वर्ग अंडर 18 में 1000 मीटर रेस में उत्तरकाशी की रोशनी व बालक वर्ग में देहरादून के सूरज सिंह, अंडर 18 बालक वर्ग 200 मीटर में देहरादून के पंकज व बालिका वर्ग में हरिद्वार की पिंकी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि सहायक निदेशक खेल राजेश ममगाईं तथा विशिष्ट द्वारा मेडल व मेरिट सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष संदीप शर्मा, सचिव के.जे.एस. कलसी, कोषाध्यक्ष एमसी शाह, ओलंपियन मनीष रावत, जिला एथलीट संघ अल्मोड़ा के सचिव ललित नारायण रौतेला, जिला एथलेटिक्स संघ टिहरी गढ़वाल के सचिव संजीव नेगी, जिला एथलेटिक संघ उत्तरकाशी के सचिव विनोद जोशी, संघ के चेयरमैन टेक्निकल कमेटी हीरालाल यादव, अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता प्रीतम बिंद, इंद्रजीत पटेल, रमेश रावत, मधुसूदन जोशी आदि मौजूद थे।
————————–
