देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार को तीरथ सिंह रावत कैबिनेट की बैठक मे कई अहम फैसले लिए गए। जिसमें कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए देहरादून नगर निगम क्षेत्र में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। यह कर्फ्यू रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक रहेगा। इसके साथ ही उत्तराखंड में कई स्थानों पर पहली से लेकर 12वीं तक समस्त स्कूलों को 30 अप्रैल तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। बीते कई दिनों से उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के लगातार मामले बढ़ते जा रहे हैं। उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। आज भी सर्वाधिक देहरादून में 335 संक्रमित मिले। हरिद्वार में 229 पॉजिटिव पाए गए। वहीं, हरादून में 25, हरिद्वार में छह, नैनीताल में दस कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। यहां लॉकडाउन वाली स्थिति है। तय किया गया है कि इसमें देहरादून जनपद के चकराता, कालसी को छोड़कर हरिद्वार, नैनीताल नगर पालिका क्षेत्र, हल्द्वानी में सभी स्कूलों को बंद रखा जाएगा। कैबिनेट ने गैरसैंण कमिश्नरी बनाने के निर्णय को स्थगित कर दिया है। गौरतलब है कि गैरसैंण कमिश्नरी की घोषणा पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने की थी। इसमें रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिले को शामिल किया जा रहा था। इसका विपक्षी दलों के साथ ही भाजपा के नेताओं ने भी विरोध किया था।