उत्तराखंड को मिली वूमेन अंडर-23 ट्रॉफी की मेजबानी
देहरादून। बीसीसीआई की ओर से क्रिकेट एसोसिएशन आफ उत्तराखंड को वूमेंस अंडर-23 वन डे ट्रॉफी की मेजबानी दी गई है। उत्तराखंड में तीन मार्च 2026 से शुरू होने जा रही वूमेन’स अंडर-23 वनडे ट्रॉफी के मुकाबले 11 मार्च तक चलेंगे।
इसमें गोवा, हैदराबाद, दिल्ली, सौराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, चंडीगढ़ कुल छह राज्यों की टीमें हिस्सा लेगी और कुल 15 मैच आयोजित होंगे।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड के सचिव माहिम वर्मा ने बताया कि वूमेंस अंडर 23 वन डे ट्रॉफी का पहला मैच 3 मार्च को गोवा और हैदराबाद तथा दिल्ली व सौराष्ट्र एवं आंध्रप्रदेश और चंडीगढ़ के बीच खेला जाएगा। इसी तरह से 5 मार्च को गोवा की टीम सौराष्ट्र के साथ भिड़ेगी तथा चंडीगढ़ की टीम दिल्ली के साथ खेलेगी और आंध्र और हैदराबाद के बीच मुकाबला होगा। सात मार्च को चंडीगढ़ व गोवा, हैदराबाद व सौराष्ट्र और आंध्र व दिल्ली के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
9 मार्च को आंध्र व गोवा तथा चंडीगढ़ व सौराष्ट्र एवं दिल्ली व हैदराबाद की टीम में आपस में भिड़ेंगी।
ट्रॉफी के अंतिम दिन 11 मार्च का मैच दिल्ली व गोवा, आंध्र व सौराष्ट्र तथा चंडीगढ़ व हैदराबाद के बीच आयोजित होगा।
प्रत्येक दिन तीन-तीन मैच आयोजित कराए जाएंगे जो देहरादून के तीन अलग-अलग क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में पहले भी क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड की मेजबानी में सीनियर चैलेंजर्स मल्टी डे वूमेन’स ट्रॉफी सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी है। तथा उत्तराखंड की कई महिला क्रिकेट खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर खेल रही हैं। कहा कि बीसीसीआई द्वारा उत्तराखंड को वूमेंस अंडर 23 वनडे ट्रॉफी जैसे आयोजनों की मेजबानी उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है।
—————-
