विकास का वास्तविक अर्थ आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना : सीएम
विकास पुस्तिका प्रदेश की उपलब्धियों के साथ जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही का भी दस्तावेज : मुख्यमंत्री
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट, देहरादून में आयोजित समारोह में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पुस्तिका प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। विकास पुस्तिका जनता के सामने सरकार के कार्यों का हिसाब प्रस्तुत करने के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है।
मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण जनता के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य निर्माण में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हुआ। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को समृद्ध और विकसित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका सकारात्मक प्रभाव आम नागरिकों के जीवन में दिखाई देना चाहिए। किसी गांव तक सड़क पहुंचने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं, विद्यालयों में अच्छी सुविधाएं मिलने से बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिलती है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने से पलायन की समस्या का समाधान होता है। सरकार का उद्देश्य लोगों की कठिनाइयों को कम करना और प्रत्येक परिवार का भविष्य बेहतर बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां संतोष प्रदान करती हैं, लेकिन जिम्मेदारियां और अधिक कार्य करने की प्रेरणा देती हैं। प्रत्येक गांव तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने, रोजगार के नए अवसर विकसित करने, खेती को लाभकारी बनाने और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अपने संबोधन के समापन पर ‘अभी बहुत आगे हमें जाना है’ कविता की पंक्तियों के माध्यम से राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए शुभकामना संदेश का वाचन किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी एवं खजान दास, विधायक विनोद चमोली एवं श्रीमती सविता कपूर, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु एवं डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव सूचना शैलेश बगौली, उत्तराखण्ड मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविन्द सिंह बिष्ट, सचिव विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
—————-

