उत्तराखंड

भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान, प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम

देहरादून। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभियान के तहत प्रदेश स्तर पर पदयात्रा, प्रेस कॉन्फ्रेंस, राष्ट्रीय चिंतन संवाद, युवा संवाद और जनसंपर्क जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी ने इन कार्यक्रमों के संचालन के लिए अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा सुनीता विद्यार्थी ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश टोली में भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर और रामपाल को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए प्रदेश मीडिया संयोजक मनवीर चौहान के साथ विनय गोयल और भुवन जोशी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदयात्रा कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, प्रदीप बत्रा और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि चौहान भट्ट शामिल रहेंगे।

इसके अलावा विधानसभा स्तर पर राष्ट्रीय चिंतन संवाद और युवाओं के बीच ‘लोकतंत्र बनाम अराजकता’ विषय पर संवाद आयोजित करने की योजना है। इन कार्यक्रमों के लिए भी पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। युवा संवाद की जिम्मेदारी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली समेत अन्य पदाधिकारियों को सौंपी गई है।

पार्टी ने अभियान के तहत संपर्क कार्यक्रम और मैगजीन से जुड़े कार्यों के लिए भी अलग-अलग पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। संपर्क अभियान में राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल और राकेश गिरी सहित अन्य पदाधिकारी जिम्मेदारी निभाएंगे। वहीं, मैगजीन से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी दीप्ति रावत, विनय रुहेला और धीरेन्द्र पंवार को दी गई है। भाजपा की ओर से जारी सूची में अभियान के कार्यक्रमों और जिम्मेदार पदाधिकारियों का ब्योरा दिया गया है।

——————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *