जीआरडी गर्ल्स कॉलेज का परीक्षा केंद्र बनेगा आदर्श केंद्र
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने आयोजित किया प्रवेश जागरूकता एवं निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम
देहरादून। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय जीआरडी गर्ल्स डिग्री कॉलेज, प्रेमनगर स्थित अपने अध्ययन एवं परीक्षा केंद्र को आदर्श परीक्षा केंद्र के रूप में विकसित करेगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने शनिवार को कॉलेज में आयोजित प्रवेश जागरूकता एवं निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्र पर परीक्षा संचालन और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
कुलपति ने कहा कि कॉलेज में संचालित अध्ययन एवं परीक्षा केंद्र विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों का प्रभावी ढंग से संचालन कर रहा है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ परीक्षा संबंधी बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. खेमराज भट्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय यूजीसी के नियमों के तहत विद्यार्थियों को दोहरी डिग्री की सुविधा प्रदान कर रहा है। जुलाई प्रवेश सत्र में शिक्षार्थियों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रदेश में उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार करने के साथ विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद् एवं लेखिका डॉ. सविता मोहन ने कहा कि पुस्तकें ज्ञान अर्जित करने और सफलता प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने और पुस्तकों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
सहायक क्षेत्रीय निदेशक गोविंद सिंह रावत ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रदेश में नए अध्ययन एवं परीक्षा केंद्र स्थापित कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं और पुरस्कार वितरित किए गए। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रियंका सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
————-

