ब्रदर्स क्लब ने अभिमन्यु एकेडमी को 8 विकेट से दी शिकस्त
देहरादून। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) द्वारा आयोजित देहरादून डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग में ब्रदर्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी।
जीडी गोयंका क्रिकेट ग्राउंड में मंगलवार को खेले गए इस मुकाबले में ब्रदर्स क्लब ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी की टीम निर्धारित 24.4 ओवर में ऑलआउट होकर मात्र 139 रन ही बना सकी। टीम की ओर से अक्षत त्यागी ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, जबकि अंश बडोनी ने 31, वेदांश चैहान ने 22 और राज्यवर्धन सिंह तथा मनन बतरा ने 12-12 रन का योगदान दिया।
ब्रदर्स क्लब की गेंदबाजी में गौरव चौधरी ने कमाल दिखाते हुए 4 विकेट चटकाए। रोहित ने 2 विकेट लिए, जबकि आदित्य तोमर, अक्षय और विनय ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्रदर्स क्लब की टीम ने मात्र 17.1 ओवर में 2 विकेट खोकर 140 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच में 8 विकेट से जीत दर्ज की। गौरव चौधरी ने नाबाद 98 रनों की शानदार पारी खेली, जो मैच की निर्णायक साबित हुई। शुभ तोमर ने 22 और रजत शर्मा ने 10 रन बनाए। अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी की ओर से इरहम नोनो ने 2 विकेट झटके।
—————————————-
