सीएयू चुनाव : नामांकन प्रक्रिया शुरू
देहरादून। उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन (सीएयू) के आगामी चुनाव के लिए दो दिवसीय नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार सुबह से शुरू हो गई है। चुनाव प्रक्रिया 29 और 30 अगस्त को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी, जिसमें इच्छुक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं। चुनाव 6 सितंबर को होंगे, जिसमें मतदान दोपहर 12 बजे से शाम 2 बजे तक होगा और परिणाम उसी दिन शाम 3 बजे घोषित किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन उम्मीदवारों में भारी उत्साह है। नामांकन के पहले दिन कुल आठ पदों के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड के अध्यक्ष पद के लिए दीपक मेहरा, उपाध्यक्ष पद के लिए अजय पांडे, सचिव पद के लिए किरण वर्मा, कोषाध्यक्ष के लिए मानस मेघवाल, संयुक्त सचिव पद के लिए नूर आलम, काउंसलर के पद पर मनोज नौटियाल तथा गवर्निंग काउंसिल मेंबर हेतु दो पदों पर दो नामांकन हुए जिसमें सुनील कुमार जोशी व अरुण तिवारी ने नामांकन किया।
निर्वाचन अधिकारी रिटायर्ड आईएएस ऑफिसर एस बी शशांक, सहायक निर्वाचन अधिकारी वीपी आचार्य और विनोद कुमार ने नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई।
नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 30 अगस्त है और उसी दिन शाम 7 बजे नामांकन जमा करने वालों की सूची प्रदर्शित की जाएगी। इसके बाद 31 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी और वैध उम्मीदवारों की सूची शाम 5 बजे घोषित की जाएगी। वैध उम्मीदवारों के खिलाफ आपत्तियां 31 अगस्त से 2 सितंबर तक दर्ज की जा सकेंगी, जिनके निर्णय 3 सितंबर को सुबह 11 बजे प्रकाशित होंगे।
प्रारंभिक निर्वाचन रोल 31 अगस्त को प्रकाशित होगा और इसके लिए आपत्तियां 3 सितंबर तक सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक दर्ज की जा सकेंगी। उम्मीदवारी वापसी की अंतिम तिथि 1 से 3 सितंबर तक रहेगी और अंतिम उम्मीदवारों की सूची 3 सितंबर को शाम 7 बजे जारी होगी। निर्वाचन रोल 4 सितंबर को दोपहर 3 बजे प्रकाशित होगा।
——————-
